उत्तराखंड के गांव धनपुरा के गरीब परिवार के बेटे अनु कुमार के जापान में 800 दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उसकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है।
अनु कुमार ने जापान में चल रही एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंडर-20 वर्ग की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। अनु कुमार ने यह दौड़ एक मिनट 54 सेकेंड 11 माइक्रो सेकेंड के रिकार्ड समय में पूरी की।
इससे पहले अनु कुमार वर्ल्ड स्कूल गेम्स में 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत चुका है। गांव धनपुरा निवासी अनु कुमार के पिता महिपाल गैस एजेंसी में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी का काम करते हैं। अनु कुमार चार भाई- बहनों में दूसरे नंबर का है।
वह देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज का ग्यारहवीं का छात्र है। पिता महिपाल व माता मुन्नी देवी बेटे की इस कामयाबी से बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि अनु की रुचि बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ दौड़ व खेलों के प्रति रही है।