अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, मसलन चेक जमा कराना, ड्राफ्ट बनवाना आदि तो मंगलवार को ही निपटा लें। बुधवार को प्रदेश भर में बैंक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। वेतन संशोधन की मुख्य मांग को पूरा किए जाने के लिए दबाव बनाने को सरकारी बैंकों समेत तीन निजी बैंकों में हड़ताल होगी।
निजी बैंकों में कर्नाटक, नैनीताल और फेडरल बैंक शामिल हैं। अन्य निजी बैंकों में भी यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स यानी यूएफबीयू की इस हड़ताल से काम प्रभावित होगा। जैसे चेक क्लियर नहीं हो पाएंगे। यूएफबीयू के संयोजक जगमोहन मेहंदीरत्ता के अनुसार प्रदेश भर में बैंक कर्मी मंगलवार को प्रदर्शन भी करेंगे।
दून में शाम पांच बजे स्टेट बैंक आफ इंडिया की राजपुर रोड स्थित वाणिज्यिक शाखा के सामने प्रदर्शन होगा। बुधवार 3 दिसंबर को सुबह 10 बजे परेड ग्राउंड से जुलूस निकाला जाएगा, जो घंटाघर से होते हुए एस्लेहाल पहुंचेगा तथा यहां से पुन: परेड ग्राउंड पहुंचकर संपन्न होगा। बता दें कि उत्तराखंड समेत पूरे उत्तरी क्षेत्र, जिसमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, में बुधवार को ही हड़ताल होगी।