देहरादून कैंट के चीड़बाग मोड़ पर शनिवार शाम आर्मी के ट्रक से हुए हादसे में स्कूटी सवार बैंक अधिकारी की मौत हो गई। उसका दोस्त गंभीर घायल है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया है।
मसूरी से लौटते वक्त हुआ हादसा
गढ़ी कैंट क्षेत्र के सर्वे स्टेट निवासी विशाल नेगी (28) हरियाणा के गुड़गांव में एक बैंक में अधिकारी थे। नेगी दो दिन से छुट्टी पर घर आया हुआ था। शनिवार सुबह विशाल अपने दोस्त आशीष शर्मा निवासी सालावाला के साथ स्कूटी पर मसूरी घूमने गया था। शाम को दोनों लौट रहे थे।
कैंट क्षेत्र में चीड़बाग मोड़ पर स्कूटी की आर्मी के ट्रक से हुई आमने-सामने की टक्कर में दोनों दोस्त गंभीर घायल हो गए। स्कूटी चला रहा नेगी हेलमेट पहने था, लेकिन उसकी छाती में गंभीर चोट लगी।
चालक हिरासत में
पुलिस दोनों घायलों को एमएच अस्पताल ले गई, जहां विशाल नेगी को मृत घोषित कर दिया। आशीष शर्मा को गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल भेजा गया है। आशीष भी नोएडा में नौकरी करता है। पुलिस ने आर्मी के ट्रक चालक भूपेंद्र को हिरासत में ले लिया है।