देहरादून। मसूरी में इस सप्ताह भी वीकेंड के दौरान दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सहस्त्रधारा, गुच्चूपानी, लच्छीवाला, मसूरी समेत जिले में नदियों-झीलों और तालाबों में प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने इसके आदेश जारी किए।
उन्होंने बताया कि वीकेंड के दौरान मसूरी में केवल उन्हीं पर्यटकों को आने की अनुमति दी जाएगी, जिनके पास 72 घंटे पहले की निगेटिव आरटीपीसीआर जांच होगी। इसके अलावा स्मार्ट सिटी के पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना भी अनिवार्य है। मसूरी में प्रवेश से पहले एडवांस होटल बुकिंग का साक्ष्य भी उपलब्ध कराना होगा। इसके अलावा राज्य सरकार की एसओपी के अनुसार, सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति रहेगी। कोविड महामारी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी, सुरक्षात्मक उपाय करने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालयाध्यक्ष व विभागाध्यक्ष की होगी।