बदरीनाथ क्षेत्र में शुक्रवार शाम छह बजे बाद जोरदार बारिश होने से बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में बाधित हो गया है। यहां चट्टान से भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गया है, वहीं गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर कांचुला खर्क के पास पेड़ गिरने से सड़क अवरुद्ध हो गई है।
यहां फंसे आंध्र प्रदेश के 15 यात्रियों और 34 स्थानीय श्रद्धालुओं को पुलिस प्रशासन ने तुंगनाथ मंदिर यात्रा पड़ाव चोपता में ठहरा दिया है।
चमोली के जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने कहा कि बदरीनाथ हाईवे के बाधित होने और भारी बारिश को देखते हुए तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ, पांडुकेश्वर और जोशीमठ में रोक दिया गया है। शनिवार को हाईवे सुचारु होने पर तीर्थयात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा। जिले के घाट, पोखरी और जोशीमठ क्षेत्रों में देर शाम से भारी बारिश जारी है।