उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में शनिवार को मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन रविवार से अगले 48 घंटे तक फिर बारिश हो सकती है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फीला तूफान आने और हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों को सावधानी बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
गत दो मार्च को हिमस्खलन की चपेट में आकर सेना के तीन जवानों के शहीद होने के बाद अब प्रशासन इस तरह की चेतावनियों को गंभीरता से ले रहा है।
मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि रविवार से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। इसके बाद से अगले 48 घंटे तक तमाम इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है।