हमले में तरुण विजय गंभीर घायल हो गए थे।
- फोटो : AmarUjala
चकराता के पोखरी गांव में धार्मिक अनुष्ठान के दौरान राज्य सभा सांसद तरुण विजय पर हुए हमले की जांच के लिए मंगलवार को गढ़वाल आयुक्त सीएस नपलच्याल पोखरी गांव पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों, आयोजकों से जानकारी जुटाकर करीब 22 लोगों के बयान दर्ज किए। इसमें सभी वर्ग के लोग शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि बयानों के आधार पर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। बताया कि घटना के संबंध में यदि कोई भी व्यक्ति मौखिक एवं लिखित साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता है या बयान दर्ज कराना चाहता हो तो वह 28 मई तक देहरादून स्थित आयुक्त कैंप कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी बात रख सकता है।
हमले में घायल हो गए थे सांसद
बता दें कि बीते शुक्रवार को गांव में धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भीड़ ने सांसद तरुण विजय पर हमला बोल दिया था। हमले में सांसद के साथ ही उनके साथ गए भाजपा नेता विपुल अग्रवाल और आराधना ग्रामीण विकास केंद्र समिति के संरक्षण दौलत कुंवर घायल हो गए थे।
चार लोग हो चुके गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने गढ़वाल आयुक्त को जांच सौंपी थी। मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार हो चुकी है। केस सीबीसीआईडी को ट्रांसफर किया जा चुका है। सोमवार को सीबीसीआईडी के डीआईजी अनंत कुमार चौहान की अगुवाई में टीम ने गांव जाकर जांच की थी। इस मौके पर एडीएम प्रशासन प्रताप शाह, एसडीएम प्रेमलाल, सीओ चंद्रमोहन सिंह, एसडीएम प्रेमलाल आदि मौजूद रहे।