फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार: अटल अस्थि कलश यात्रा से जुड़ी एक चिट्टी को लेकर भिड़े सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी

Wed, 03 Oct 2018 11:37 AM IST
कुणाल दरगन , अमर उजाला, हरिद्वार
विज्ञापन
asthi kalash yatra
विज्ञापन

जिलाधिकारी हरिद्वार को भेजे गए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के एक पत्र को लेकर पुलिस-प्रशासन के बीच असहज-सी स्थिति पैदा हो गई है।

विज्ञापन


यह पत्र पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजयेपी की अस्थि कलश यात्रा के दौरान फैली कथित अव्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी को लिखा गया है।

सिटी मजिस्ट्रेट के मार्फत यह पत्र एसपी सिटी को पहुंचा तो उन्होंने तल्ख टिप्पणी करते हुए लिखा है कि उन्हें सीधे पत्र भेजना उचित नहीं है। भविष्य में उनसे कोई भी पत्र व्यवहार एसएसपी के माध्यम से ही किया जाए। यही नहीं एसपी सिटी ने अस्थि कलश यात्रा के दौरान अराजकता और अव्यवस्था की बात को भी सिरे से खारिज किया है, जबकि कैबिनेट मंत्री ने अपने पत्र में भारी अव्यवस्था का जिक्र किया है।  

अधिकारियों के बीच खींचातानी से यह मामला बना चर्चा का विषय

सतपाल महराज द्वारा जिलाधिकारी को इस मसले पर पत्र भेजने के मंतव्य और फिर अधिकारियों के बीच खींचातानी से यह मामला राजनीतिक गलियारों और प्रशासन-पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

विगत 19  अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और अटल जी के परिजन हरिद्वार पहुंचे थे।

पन्नालाल भल्ला कालेज स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम से निकली अस्थि कलश यात्रा हरकी पैड़ी पहुंची थी। उस वक्त यात्रा में अव्यवस्था के गंभीर आरोप लगे थे। निशाने पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक आए थे। बाद में सब कुछ शांत भी हो गया था।

डीएम ने प्रोटोकॉल अधिकारी को पत्र भेजकर जवाब मांगा

अब कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अस्थि कलश यात्रा में भगदड़, अराजकता एवं अव्यवस्थाओं की स्थिति बताते हुए इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए। यही नहीं वीवीआईपी के जूते भी गायब होने पर कड़ी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी दीपक रावत ने सिटी मजिस्ट्रेट मनीष सिंह (प्रोटोकॉल अधिकारी) को पत्र भेजकर जवाब मांगा।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कैबिनेट मंत्री के पत्र के साथ एक पत्र नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा से इन स्थितियों पर जवाब मांगते हुए लिख भेजा। इसके जवाब में  यह भी लिखा कि किसी तरह की अव्यवस्था व अराजकता नहीं हुई बल्कि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।

एसपी सिटी ने यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात होने की बात भी लिखी। वीवीआईपी के जूते गायब होने संबंधी तथ्य प्रशासन से जुड़ा होने की बात लिखी। एसपी सिटी ने तल्ख टिप्पणी करते हुए लिखा है कि उन्हें सीधे पत्र भेजना उचित नहीं है। भविष्य में पत्र उन्हें सीधे न भेजकर एसएसपी के माध्यम से प्रेषित किया जाए।  
विज्ञापन

पुलिस बनाम प्रशासन की खूब चर्चा  

जिलाधिकारी-एसएसपी के बीच अघोषित छत्तीस का आंकड़ा कई बार सामने आ चुका है। जिलाधिकारी दीपक रावत ने अपराध नियंत्रण को लेकर हरिद्वार पुलिस को नसीहत भी दी थी।

पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े करते हुए गश्त व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए थे। डीएम के पत्र पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके की ओर से की गई प्रतिक्रिया भी चर्चा में रही थी।   

यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि सिटी मजिस्ट्रेट ने एसपी सिटी को पत्र लिखा है तो यह प्रोपर चैनल नहीं लिखा गया है।
- कृष्ण कुमार वीके, एसएसपी हरिद्वार

यह प्रशासनिक प्रक्रिया का सामान्य पत्राचार था, जो पत्र लिखा था उसका जवाब मिल गया। 
- मनीष कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें