गैरसैंण में सोमवार से होने जा रहे विधानसभा सत्र को लेकर बवाल होने के पूरे आसार है। भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में आक्रामकता के साथ सदन में उतरने और गैरसैंण आरोप पत्र सरकार को जारी करने का निर्णय हुआ। जिसमें सरकार के सारे मुद्दे शामिल होंगे।
खासतौर पर गैरसैंण को स्थाई राजधानी का मुद्दा पहले ही नहीं बल्कि हर दिन उठेगा। उधर, फिलहाल सरकार की ट्रेजरी बैंच पूरी तैयारी के साथ सदन में उतरेगी, ताकि विपक्ष के सवालों का सामना किया जा सके।
भाजपा ने गैरसैंण में हो रहे विधानसभा सत्र के लिए अपने तरकश में कई तीर रखे लिए हैं। भराड़ीसैंण में हुई भाजपा विधानमंडल दल की बैठक देर शाम तक चली। नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, मदन कौशिक, तीरथ सिंह रावत समेत तमाम विधायक रहे और यही तय हुई कि हर हाल में आक्रामकता के साथ सरकार को घेरा जाएगा।
कांग्रेस भी तैयार, विपक्ष ये होंगे विपक्ष के मुद्दे
उधर, कांग्रेस ने भी तैयारी की है। विपक्ष के सवालों पर घबराने के बजाय एकजुट होकर सामने करने की रणनीति बनाई गई है। देखना यही है कि इस बार सरकार इस सत्र में अपनी कुशलता का परिचय देती है या फिर पिछले सत्र की तरह मात खाती है।
विपक्ष के खास मुद्दे
सीएम के सचिव का कथित सीडी कांड
प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था
अल्मोड़ा में एक औद्योगिक समूह को अंतरराष्ट्रीय विद्यालय के लिए दी गई जमीन
आपदा राहत व पुनर्निर्माण घोटाला
एफएल-2 लागू कर बाजार में उपभोक्ताओं पर अपनी मर्जी के ब्रैंड थोपना
राज्य की नदियों में अवैध खनन
सैकड़ों दायित्वधारियों की नियुक्ति के नाम पर वित्तीय बोझ बढ़ाना
विस क्षेत्रों की समीक्षा बैठक में भाजपा विधायकों को ना बुलाया जाना
तब सरकार की खूब पिटी थी भद
पिछले विधानसभा सत्र में सत्तापक्ष की विपक्ष ने खूब मरम्मत की थी। इंतहा तो यह हुई कि हमलावर विपक्ष ने जो चाहा वो निर्णय कराया। भाजपा के मदन कौशिक ने राजभवन की भूमिका को लेकर कृषि मंत्री हरक सिंह रावत की टिप्पणी को उठाया और सीएम व स्पीकर को राज्यपाल को सफाई देनी पडी व पीठ ने कृषि मंत्री के बयान को भी कार्यवाही से निकालने का आदेश भी दिया था।
सरकार का काम सदन चलाना है, विपक्ष को इसमें सहयोग देना चाहिए। संसदीय परंपराओं का ध्यान रखते हुए विपक्ष सदन चलाने में सहयोग करे। हर बात का मतलब हंगामा नहीं है। हम पूरी कोशिश करेंगे कि जनहित के मुद्दों पर चर्चा का अवसर सभी को मिले।
-इंदिरा ह्दयेश, संसदीय कार्यमंत्री
हम सरकार को गैरसैंण आरोप पत्र जारी करेंगे। स्थाई राजधानी के मुद्दे पर सदन के भीतर आमने सामने बात होगी। देहरादून में कांग्रेसी गैरसैंण के पैरोकार बनते है और गैरसैंण में आकर अपने अधिवेशन में कोरी राजनीति करते है। हमारे पास सरकार को घेरने के बहुत मुद्दे हैं।
-अजय भट्ट, नेता प्रतिपक्ष
आज पेश होगा 5000 करोड़ का अनुपूरक बजट
संसदीय कार्यमंत्री इंदिरा ह्दयेश ने बताया कि सत्र के पहले दिन पांच हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पटल पर रखा जाएगा। पहले ही दिन पूर्व राष्ट्रपति स्व. अब्दुल कलाम आजाद साहब को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
कल के बाद सदन की कार्यवाही निश्चित करने के लिए मंगलवार की सुबह बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी। इस पूरे सत्र में कुल छह विधेयक आने हैं जिनमें चार विधेयक करों से संबंधित है।