सबके साथ होगा न्याय
विधानसभा में राज्य गठन से लेकर अब तक हुई बैकडोर से भर्तियों पर कार्रवाई को लेकर वर्तमान स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने मंशा साफ की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा और सदन की गरिमा बनाए रखने के लिए कठोर और कड़े निर्णय लेने से पीछे नहीं हटूंगी। उन्होंने प्रदेशवासियों और खासतौर पर युवाओं को आश्वस्त किया कि विशेषज्ञ समिति की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार करें। किसी को भी निराश नहीं करूंगी। सबके साथ न्याय होगा।
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के सम्मेलन में भाग लेकर कनाडा से लौटीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने नियम विरुद्ध भर्तियों पर कार्रवाई करने के लिए अपनी मंशा को स्पष्ट किया। प्रदेश की पहली महिला स्पीकर ने कहा कि मेरे सार्वजनिक जीवन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर हुई।
मोदी जी ने कहा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। इसी ध्येय को मैंने अपने जीवन में उतारा है। उन्होंने प्रदेश के लोगों और युवाओं को आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट के लिए एक माह का इंतजार करें। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
ये भी पढ़ें...UKSSSC: पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड मूसा का साथी लखनऊ से गिरफ्तार, अब तक 34 को पकड़ चुकी एसटीएफ
कनाडा दौरे पर होने के कारण प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से विधानसभा में भर्तियों पर विवाद का पता लगा। विधानसभा एक सर्वोच्च सदन है। मेरे लिए सदन की गरिमा से ऊपर कुछ भी नही है। इसके लिए कठोर और कड़े निर्णय लेने से पीछे नहीं हटूंगी। विधानसभा और प्रदेश हित में नियमों में जो भी बदलाव करने हैं, उसके लिए तैयार हूं। विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट और सुझाव पर पारदर्शी नियम बनाए जाएंगे।