भाजपा से निष्कासित एवं पूर्व विधायक भीम लाल आर्य ने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर फिर हमला बोला है। कहा कि लालबत्ती नहीं सीएम ने उनके क्षेत्र को पिछड़ा घोषित करने का वादा किया था, लेकिन अब रावत अपने वादे से पलट रहे हैं। वह अपनी मांग को लेकर आज बीजापुर गेस्ट हाउस पर धरना देंगे।
भीमलाल शुक्रवार को जौरासी जबरदस्तपुर गांव में एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सरकार गिरने के दौरान वादा दिलाया था कि वह उनके क्षेत्र को पिछड़ा घोषित करेंगे। जिससे यहां का संपूर्ण विकास हो सके, लेकिन सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री अपने इस वादे को भूल गए और वादा पूरा नहीं किया।
आर्य ने कहा कि उन्हें लालबत्ती देकर राज्य अवस्थापन एवं औद्योगिक विकास परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, लेकिन आज तक उन्होंने इस पद का लाभ ही नहीं लिया है। उनके लिए पहले उनका क्षेत्र है। जिसके लिए वह शनिवार को मुख्यमंत्री के बीजापुर गेस्ट हाउस में धरना देंगे।