सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में लग्जरी कार से पहुंचा ग्राहक गल्ले से पैसे चोरी कर फरार हो गया। करीब छह घंटे की भागदौड़ के बाद पुलिस ने ऋषिकेश से पहले रेलवे पुल के पास इनोवा कार सहित आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी राजस्थान के अलवर का निवासी और पेशे से ड्राइवर है।
सेलाकुई बाजार स्थित एक सौंदर्य प्रसाधन की दुकान पर एक ग्राहक इनोवा कार में सवार होकर आया। ग्राहक ने दुकान पर बैठी महिला ललतेश पत्नी शशिकांत से कुछ सामान मांगा। इनोवा कार सवार ग्राहक को देखकर दुकानदार महिला भी जल्दी-जल्दी उसकी मांग के हिसाब से सामान एकत्रित करने लगी। महिला जैसे ही कुछ सामान लाने के लिए दुकान के भीतरी हिस्से में गई, कार सवार ग्राहक उसके गल्ले में रखे 3500 रुपये उड़ाकर फरार हो गया। सामान लेकर वापस लौटी महिला ने गल्ला खुला देखकर शोर मचाया, तब तक ग्राहक काफी दूर जा चुका था। महिला की शिकायत पर सेलाकुई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से कार की पहचान करके उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस कार को तलाश करते हुए पहले देहरादून और उसके बाद जोगीवाला, लच्छीवाला टोल प्लाजा तक पहुंची, जहां से कार के ऋषिकेश की ओर जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने कार का पीछा करते हुए उसे ऋषिकेश से पहले ही रेलवे पुल के पास से पकड़ लिया। सेेलाकुई थाना प्रभारी मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी की शिनाख्त मनोज कुमार यादव पुत्र हरफूल यादव निवासी ग्राम खपरिया अलवर राजस्थान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी पेशे से ड्राइवरी करता है। वह सवारी लेकर सेलाकुई व देहरादून आता-जाता रहता है। उन्होंने बताया कि आरोपी की नजर दुकान के गल्ले में रखे पैसे पर पड़ गई थी, जिनपर उसने मौका लगते ही हाथ साफ कर दिया। आरोपी के पास से चोरी किए गए पैसे व घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में संबंधित थाने से जानकारी की जा रही है।