विकासनगर से त्यूणी जा रही एक कार भंद्रोली के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। कार में सवार महिला व बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना के समय एकत्रित हुए ग्रामीणों व राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर त्यूणी स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से छह को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल एक छह वर्षीय बालिका को हायर सेंटर के लिए देहरादून रेफर किया गया है।
देहरादून के शिमला बाईपास क्षेत्र निवासी व त्यूणी में ऊर्जा निगम में सेवारत कर्मचारी रमेश पाल पुत्र सोहन सिंह अपने परिचित परिवार के सदस्य पानकली पत्नी सुरेश थापा, रिमझिम व अवनी पुत्री सुरेश थापा, पूनम थापा पत्नी रामबहादुर, महिमा व मधु थापा पुत्री सुनील थापा को अपनी कार से लेकर त्यूणी जा रहे थे। चकराता-त्यूणी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सावड़ा के पास भंद्रोली पहुंचने पर अचानक से उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे की पहाड़ी से टकराकर पलट गई, जिससे सभी लोग कार में फंस गए। इसी बीच सड़क पर आवाजाही करने वाले राहगीरों व ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर त्यूणी स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से छह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय बालिका अवनी की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए देहरादून रेफर कर दिया गया है। उप जिलाधिकारी त्यूणी सौरभ असवाल ने बताया कि जानकारी मिली है कि दुर्घटना के समय कार चला रहे रमेश पाल पानी की बोतल से पानी पीने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच हाथ से बोतल छूट जाने से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के राजस्व कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं व आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।