कोरोना महामारी अचानक आई है। इसका पहले से पता नहीं था। ठीक इसी तरह ऑनलाइन क्लासेज भी अचानक ही शुरू करनी पड़ी। निश्चित तौर पर इसके लिए पहले से किसी की भी कोई तैयारियां नहीं थीं। महामारी के इस मुश्किल वक्त में ऑनलाइन कक्षा एक बड़ी चुनौती है लेकिन अवसर भी है। इसमें अभिभावकों की जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं तो शिक्षकों के लिए भी बेहद चुनौतियां हैं। कोरोना काल में बच्चों की ऑनलाइन कक्षाओं के अलावा कोई विकल्प भी नहीं है। निश्चित तौर पर आमने-सामने की कक्षाओं में पढ़ाई का बेहतर माहौल होता है लेकिन यहां भी बेहतर बनाया जा सकता है। एक शिक्षक का पेशा ही ऐसा है, जिससे सैंकड़ों की संख्या में अलग-अलग पेशे के लोग तैयार करने होते हैं। ऐसे हालात में शिक्षकों को भी अपनी इस जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। ऑनलाइन कक्षाओं के विकल्प को अभिभावकों को भी सकारात्मक तौर पर लेने की जरूरत है। थोड़ा ज्यादा वक्त अपने बच्चे को देना होगा लेकिन इससे उसका पढ़ाई का नुकसान नहीं होगा।
-रूपशा चैटर्जी, शिक्षिका, दिल्ली पब्लिक स्कूल, देहरादून
शुरुआत में तकनीकी दिक्कतें आईं लेकिन अब ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन सुचारू होने लगा है। अभिभावकों की हर सुविधा का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। लिहाजा, अगर बच्चे क्लास अटेंड नहीं कर पाते हैं तो हम उन्हें अलग से पूरा स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराते हैं। आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है। हम मानते हैं कि हम बच्चों को क्लासरूम जैसा पूरा ज्ञान नहीं दे पा रहे हैं लेकिन फिर भी हम उनके ज्ञान में कुछ न कुछ वर्धन कर पा रहे हैं। हम बच्चे के संपर्क में पूरी तरह से नहीं आ पाते हैं। जब हम बच्चे को क्लासरूम में पढ़ाते हैं तो उस पर अलग सकारात्मक असर पड़ता है लेकिन यहां हालात थोड़े अलग हैं। अभिभावकों की भी यह जिम्मेदारी है कि वह ऑनलाइन एजुकेशन को समझकर उसमें अपना सहयोग प्रदान करें।
-नीना पांडेय, शिक्षिका, द एशियन स्कूल, देहरादून
मैं ऑनलाइन टीचिंग को फेल करूंगी, इसके बहुत से कारण हैं। पहला तो यह है कि बच्चे क्लास अटैंड नहीं करना चाहते हैं। मैं सुबह बच्चों को मुश्किल से उठाती हूं। टीचर्स को कुछ पता नहीं है कि बच्चे क्या कर रहे हैं। बच्चों का रूटीन ठीक नहीं हो पा रहा है। 15 मिनट की क्लास में 40 बच्चों को कैसे ध्यान में रखें। दूसरी चुनौती बच्चों के लिए ऑनलाइन क्लासेज के इंतजाम करने की है। कभी इंटरनेट कनेक्शन नहीं चलता, कभी डाटा खत्म हो जाता है, कभी वाई-फाई की मांग की जाती है। शिक्षकों से ज्यादा बोझ अभिभावकों पर बढ़ गया है। फीस पूरी जा रही है लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं है। परीक्षाओं को लेकर भी भारी असमंजस है। केवल ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाते हैं, जिसे बच्चा बेहद हल्के में ही लेता है। इसलिए ऑनलाइन टीचिंग बेहतर विकल्प नहीं है।
-सीमा नरूला, अभिभावक
ऑनलाइन क्लासेज के लिए न तो टीचर तैयार थे और न ही स्टूडेंट्स। नेटवर्किंग की बहुत दिक्कते हैं। अभिभावकों को भी बच्चों के साथ लगातार इंगेज रहना पड़ता है। ऑनलाइन क्लासेज के लिए टीचर या अभिभावकों को ट्रेनिंग नहीं दी गई है। उस तरह की व्यवस्था स्कूलों में नहीं है। बच्चे को यहां तक नहीं पता कि असल में उसका सिलेबस कितना है। आमतौर पर 40 मिनट में एक टीचर पूरी क्लास को कवर नहीं कर पाती तो ऑनलाइन क्लास में कैसे संभव है। दूसरी बात यह है कि बच्चे दिनभर जितना ज्यादा वक्त मोबाइल पर गुजार रहे हैं, वह उनकी सेहत के लिए बेहद खतरनाक बन रहा है। मुश्किल यह है कि उसे इससे दूर भी नहीं कर सकते और दुश्वारी यह है कि ऑनलाइन कक्षाएं बेहतर विकल्प नहीं बन सकती।
-एडवोकेट राजगीता शर्मा, अभिभावक