देहरादून के ईसी रोड पर रहने वाले अनुपम शर्मा सेंट जोजफ्स स्कूल से बारहवीं करने के बाद आस्ट्रेलिया गए तो आस्ट्रेलिया में उनके कदम इस कदर जमे कि अब उनकी पहली फिल्म में आस्ट्रेलियन क्रिकेटर ब्रेट ली हीरो हैं। ब्रेट ली की यह पहली फिल्म है।
तनिष्का चटर्जी इस फिल्म में हीरोइन की भूमिका में हैं। फिल्म का प्रोमो आस्ट्रेलिया में लांच हो चुका है। सोमवार को मुंबई में प्रोमो लांच किए जाने की तैयारी है।
अनुपम शर्मा के पिता पुरुषोत्तम दत्त शर्मा यूपी सरकार के समय में बतौर मुख्य अभियंता सेवानिवृत्त हुए हैं। अनुपम ने यहां से बारहवीं कर आस्ट्रेलिया की ओर रुख कर लिया। जहां उन्होंने मॉस कम्युनिकेशन का कोर्स किया। इसके बाद वहां कई विज्ञापन किए। इसके साथ ही प्रेम अग्न, दिल चाहता है जैसी फिल्मों का आस्ट्रेलिया में लोकल प्रोडक्शन संभाला। खुद भी हे बेबी और प्रेम अग्न में एक्टिंग की।
पूरी दुनिया में रिलीज होगी अनइंडियन
अब अनुपम दुनियाभर में धमाका करने की तैयारी में हैं। उन्होंने आस्ट्रेलिया में एक फिल्म बनाई है। जिसका नाम है ‘अन इंडियन’। फिल्म 15 अक्तूबर को दुनियाभर में रिलीज होगी। फिल्म में आस्ट्रेलियन के साथ ही बॉलीवुड के कई जाने-माने कलाकार हैं।
सुप्रिया पाठक तनिष्का की मां बनी हैं। पल्लवी शारदा, आदर्श खन्ना भी फि ल्म में हैं। यह एक लव स्टोरी है। इन दिनों यू-ट्यूब और व्हाट्सएप पर खूब प्रोमो देखा जा रहा है, जो सोमवार को इंडिया में लांचिंग के साथ ही यहां के टीवी चैनलों में भी आने लगेगा।
इसलिए है ‘अन इंडियन’
फिल्म का नाम अन इंडियन इसलिए रखा गया है। क्योंकि फिल्म में हीरोइन कुछ ऐसी हरकतें करती है कि हीरो आश्चर्य में पड़ जाता है और बार-बार चौंकता है। लोग कहते हैं कि इंडियन तो ऐसी हरकत नहीं कर सकता। फिल्म में हीरोइन इंडिया की होती है।
ब्रेट ली को दून बुला रहे अनुपम
अनुपम शर्मा के भाई सतीश शर्मा (फिल्म एक्सपर्ट) ने बताया कि क्रिकेटर ब्रेट ली को दून बुलाए जाने की तैयारी चल रही है। अनुपम खुद यहां टीम के साथ आकर फिल्म के बारे में बताएंगे।
बताया कि इससे पहले पिछले साल अप्रैल में अनुपम आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबोट के साथ जब आए थे तो उन्होंने होटल ताज में इस फिल्म को लेकर अनाउंस किया था।
बताया कि सोमवार को इंडिया में फिल्म के प्रोमो की लांचिंग हो रही है। फिल्म 15 अक्तूबर को दुनियाभर में रिलीज होगी। यह हमारे उत्तराखंड के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।