मसूरी। पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान कथित 11 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में शासन की ओर से वसूली की संस्तुति किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसको राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर निशाना साधा। गुप्ता ने कहा कि सरकार चाहे तो ईडी और सीबीआई से भी जांच करा सकती है।
मसूरी में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में अनुज गुप्ता ने कहा कि देशभर में सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर जिस तरह कार्रवाई की जा रही है, उसी तर्ज पर उन्हें भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में गणेश जोशी ने मसूरी को लूटने और बेचने का काम किया है और अब उनके खिलाफ आवाज उठाने पर फर्जी मुकदमों और जांच का सहारा लेकर उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है। अपनी सफाई में उन्होंने कहा कि अधिप्राप्ति नियमावली में स्पष्ट प्रावधान है कि निविदा प्रक्रिया में पालिकाध्यक्ष की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं होती। वहीं कोविड काल में दी गई छूट शासन के स्तर पर गठित तीन सदस्यीय समिति की संस्तुति के आधार पर दी गई थी। ऐसे में इस पूरी प्रक्रिया के लिए पालिकाध्यक्ष को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वित्तीय प्रक्रिया और छूट देने का निर्णय शासन स्तर पर लिया गया तो उन्हें आरोपी किस आधार पर बनाया जा रहा है। गुप्ता ने कहा कि उनके कार्यकाल में कराए गए विकास कार्य ऐतिहासिक रहे हैं। अब चुनाव नजदीक आने और उनके राजनीतिक दावेदारी करने के कारण उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है।