केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के टॉप-20 शहरों की घोषणा मंगलवार को होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योजना में दूसरे चरण के लिए चयनित 20 शहरों के नामों की घोषणा करेंगे। प्रोजेक्ट में दून में बनने वाली स्मार्ट सिटी के भविष्य पर भी फैसला होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्मार्ट सिटी परियोजना के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टॉप-20 शहरों का चयन 26 जनवरी को होना है। अभी तक प्रोजेक्ट के सभी चरण समयबद्ध रूप से पूरे हुए हैं।
ऐसे में इस बात की संभावना है कि दूसरे चरण के लिए शहरों का चयन भी निर्धारित तिथि को ही हो। प्रदेशवासियों की नजर भी इस फैसले पर लगी है। पहले चरण में चुने गए देशभर के 98 शहरों में दून भी शामिल है।
राज्य सरकार भेज चुकी है प्रोजेक्ट
राज्य सरकार स्मार्ट दून का प्रोजेक्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेज चुकी है। प्राथमिक मूल्यांकन में दून समेत 30 से अधिक शहरों के प्रोजेक्ट को एक्सीलेंट कैटेगरी में रखा गया है। इनमें से 20 शहरों के नाम की घोषणा होनी है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत टॉप-20 शहरों के नाम की घोषणा के लिए 26 जनवरी का समय पहले ही तय किया गया था।