कोरोना वैक्सीन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
टीका ही बचाएगा...तीन शब्दों के इस संदेश को कीर्तिनगर के ग्रामीणों ने आत्मसात कर लिया है। यही वजह है कि टीका लगवाने के लिए लंबी दूरी भी उनका हौसला नहीं तोड़ पाई। कीर्तिनगर विकासखंड के कोटी गांव ने तो टीकाकरण में मिसाल कायम कर दी है। सीएचसी से 25 किलोमीटर दूर इस इस गांव में 45 वर्ष से अधिक उम्र के 92 फीसदी लोग टीका लगवा चुके हैं।
उत्तराखंड में कोरोना: 463 नए संक्रमित मिले, 19 की मौत, 695 मरीज हुए ठीक
सीएचसी कीर्तिनगर में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मार्च के पहले सप्ताह में टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। इस दौरान गांव की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों से वैक्सीनेशन केंद्र पर टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ लगने लगी। भीड़ ज्यादा बढ़ी तो व्यवस्था संभालने के लिए अस्पताल प्रशासन ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित कर दीं। कुछ लोग तो 50 किलोमीटर की दूरी तय कर टीका लगवाने पहुंचे।
उत्तराखंड : मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का शासनादेश जारी, कोविड के कारण अनाथ हुए बच्चों को मिलेगा लाभ
आशा कार्यकर्ता संगीता देवी ने बताया कि उनके गांव कोटी ढुंडसिर में 44 वर्ष से अधिक उम्र के 66 लोग हैं। इसमें से 61 लोगों को टीका लग चुका है। अभी पांच लोगों को टीका लगना बाकी है। इनमें से दो लोग चलने फिरने में असमर्थ हैं, जबकि तीन लोग गलतफहमी के शिकार हैं। उन्हें भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संगीता ने बताया कि 15 से 19 मार्च के बीच गांव के 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग बचन सिंह, पत्ती देवी, रुकमणी देवी, शाखा देवी, रामी देवी सहित 23 लोगों ने 25 किलोमीटर दूर सीएचसी कीर्तिनगर पहुंच कर टीका लगवाया।
गांवों में 90 फीसदी लोगों को लग चुका टीका
विकासखंड कीर्तिनगर के विभिन्न गांवों में करीब 90 फीसदी लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। सीएचसी प्रभारी डा. अर्चना सिंह ने बताया कि क्षेत्र में 45 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 11 हजार 98 लोग हैं। इनमें से 9 हजार 202 लोगों का टीकाकरण किया गया है। जबकि पांच हजार लोगों को दूसरा टीका भी लग चुका है। टीका लगवाने के लिए लोगों को अधिक दूरी न नापनी पड़े इसके लिए सभी क्षेत्रों में सेंटर बनाए गए हैं। बताया कि क्षेत्र के अधिकतर गांवों में 90 फीसदी से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।