हरिद्वार में पथरी इलाके के गांव ऐथल के एक युवक की शादी के प्रस्तावित कार्यक्रम के रंग में भंग पड़ गया। गांव की ही एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप जड़ा है।
लगातार तीन दिन से गांव में चल रही बिरादरी की पंचायत भी सिरे नहीं चढ़ पाई है। युवती ने उसके अलावा किसी दूसरी युवती से शादी करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी देकर युवक पक्ष की मुश्किलें बढ़ा दी है।
गांव में गहमा गहमी
गांव में तीन दिन से प्रेम प्रसंग के एक प्रकरण को लेकर गहमा गहमी का माहौल बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक प्रेमी के शादी से इंकार कर देने पर प्रेमिका ने बवाल मचाया हुआ है।
युवती का आरोप है कि युवक के संग उसका लंबे समय से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। इस बीच कई बार युवक ने उससे शादी का वायदा किया।
क्या कहती है युवती
आरोप है कि युवक ने उसके साथ शादी करने की बजाय दूसरी युवती से रिश्ता पक्का कर लिया। आगामी 29 दिसम्बर को युवक की बारात जानी है। पर, युवती के समर्थन में परिजनों के उतरने पर गांव में बिरादरी को पंचायत बुलानी पड़ी।
पंचायत के समक्ष युवक व युवती पक्ष पेश भी हुए। लेकिन युवती ने दो टूक कह दिया कि वह युवक से ही शादी करेगी। युवक की दूसरी जगह शादी वह नहीं होने देगी, इस सूरत में कानूनी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। एसओ वीरेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।