बदरीनाथ से देव प्रयाग तक फैली अलकनंदा घाटी चार करोड़ साल पहले पैदा हुई थी। यहां की पर्वतीय श्रृंखलाओं के साथ ही लेह-लद्दाख की पहाड़ियां भी वजूद में आईं।
गढ़वाल की अलकनंदा घाटी और लेह-लद्दाख की ये पहाड़ियां इस वक्त संक्रमण के दौर से गुजर रही हैं। इनकी चोटियां जलवायु परिवर्तन के असर को झेल रही हैं और इनकी जड़ें भूगर्भ की प्लेटों की चाल के प्रभाव में हैं। 20 साल से इस क्षेत्र में कार्य कर रहे स्विटजरलैंड के वरिष्ठ विज्ञानी आइगॉर एम. विला का कहना है कि इन पहाड़ियों के कद के लिए यह अनिश्चितता का दौर है। इनकी ऊंचाई उठ भी सकती और घट भी सकती है।
स्विटजरलैंड के विज्ञानी विला की अगुवाई में विज्ञानियों की टीम ने बदरीनाथ में अलकनंदा के उद्गम स्थल से नीचे देवप्रयाग तक और लेह-लद्दाख क्षेत्र की पहाड़ियों का अध्ययन किया। इसमें पाया कि अलकनंदा घाटी की पर्वतीय मालाएं चार करोड़ साल पहले उगना शुरू हुईं थीं।