अजय कोठियाल भोले के फौजी- अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अजय कोठियाल को भोले का फौजी बताते थे। आम आदमी पार्टी को कोठियाल और कोठियाल को आम आदमी पार्टी से काफी उम्मीदें थीं। हालांकि विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
17 खूंखार आतंकियों को किया ढेर
अजय कोठियाल ने भारतीय सेना में रहते हुए 17 खूंखार आतंकियों को ढेर किया था। इसके बाद से ही वे चर्चाओं में आए थे। आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने कहा था कि वह एक संस्था के जरिए नगर, कस्बों व गांवों में बेटियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाएंगे। किशोरियों/युवतियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाएं जाएंगे। विषम परिस्थितियों में वे कैसे अपनी मदद कर सुरक्षित रहे, इसके लिए प्रशिक्षित ट्रेनर के माध्यम से उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी।
कोठियाल के पार्टी छोड़ने पर 'आप' पर कितना असर
कोठियाल भारतीय सेना में कर्नल रहे हैं। उत्तराखंड में सैनिक परिवारों की संख्या काफी है। आम आदमी पार्टी भी कोठियाल के इस जुड़ाव को पहाड़ पर सियासत करने के लिए सकारात्मक बिंदु मानती थी। कोठियाल का अपने क्षेत्र के साथ ही कई इलाकों में अच्छा प्रभाव है। जाहिर है कि उनके पार्टी छोड़ने पर 'आप' को नुकसान होगा। हालांकि अभी कोठियाल ने अपने भविष्य के पत्ते नहीं खोले हैं।