भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने पूर्व सीएम हरीश रावत और उनके मंत्रियों की संपत्ति की जांच की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की लोकतंत्र बचाओ यात्रा के जवाब में भाजपा उत्तराखंड बचाओ यात्रा निकालेगी। दावा किया कि इस यात्रा के जरिए जनता को कांग्रेस का सच बताएगी। यात्रा की शुरुआत अगले हफ्ते हरिद्वार से की जाएगी।
शनिवार को भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भट्ट ने कहा कि जिस तरह से पूर्व सीएम रावत ने स्टिंग में कहा कि मंत्री अपने विभागों से कमा लें, वे आंखें बंद कर लेंगे। इससे लगता है कि पूर्व में भी वे खुद तो भ्रष्टाचार करने में लगे रहे वहीं, मंत्रियों के भ्रष्टाचार पर भी आंखें मूंद रखी थी। इसलिए संपत्ति की जांच किया जाना जरूरी है।
रावत की यात्रा को कहा ढोंग
भट्ट ने कहा कि पूर्व सीएम रावत का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। लोकतंत्र बचाओ यात्रा पूरी तरह से ढकोसलेबाजी है। लोकतंत्र की हत्या करने वाले अब जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं। आरोप लगाया कि रावत के सीएम रहते प्रदेश सरकार भूमाफिया, शराब माफिया और खनन माफिया के इशारे पर चलती रही।
राष्ट्रपति शासन लगने से अब तक सिर्फ नैनीताल में ही अवैध खनन और स्टोन क्रशर माफिया पर 32 करोड़ रुपये का जुर्माना लग चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रावत और कांग्रेस नेता जनता के सामने जाकर सहानुभूति लेने में कभी सफल नहीं होंगे। प्रेस कांफ्रेंस में विधायक पुष्कर धामी, प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, प्रदेश कार्यालय प्रमुख ऊर्वादत्त भट्ट, राजेंद्र सिंह ढिल्लो आदि शामिल रहे।