जल्द ही उत्तराखंड में अडानी औद्योगिक समूह की एंट्री होगी। समूह की अडानी ग्रीन एनर्जी लि. कंपनी ने मुख्यमंत्री हरीश रावत को पत्र भेजकर मुलाकात का समय मांगा है।
अडानी ग्रुप उत्तराखंड में सौर ऊर्जा सेक्टर में 1000 मेगावाट तक प्लांट लगाने का इच्छुक है। इस प्लांट पर करीब छह हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह ग्रुप केबड़े अफसरों की सीएम से मुलाकात होगी।
फिलहाल जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार अडानी समूह ने मुख्यमंत्री हरीश रावत को पत्र भेजकर मिलने का समय मांगा है। इस समूह ने उत्तराखडं में सौर ऊर्जा सेक्टर में निवेश की इच्छा व्यक्त की है। अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लि. सौर ऊर्जा सेक्टर में देश की बड़ी कंपनी है।
कंपनी ने सीएम हरीश रावत भेजे पत्र में अपनी विशेषताओं व देश भर में निर्माणाधीन सोलर एनर्जी के प्रोजेक्ट्स का जिक्र भी किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अडानी समूह राज्य में एक हजार मेगावाट का सोलर प्लांट लगाना चाहता है। बाकी सभी बिन्दुओं पर अगले सप्ताह सीएम के साथ होने वाली संभावित मुलाकात में स्थिति स्पष्ट होगी।