मुख्यमंत्री हरीश रावत की रात्रि पाठशाला में जहां सीएम ने अफसरों को विकास कार्यों में तेजी लाने के गुर सिखाए और उन्हें 24 घंटे में से कम से कम 10 घंटे काम करने की आदत डालने की भी नसीहत दी।
सोमवार की रात ढाई बजे तक मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर जिले के अधिकारियों को अपनी रात्रि पाठशाला में यूं तो काफी महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। काम को कैसे समय से पूरा किया जाना है, इसकी कुंजी भी सीएम दे गए। आखिर फिर क्या था, मंगलवार से ही जिले के अधिकांश अधिकारी बीमार हो गए।
होते भी क्यों नहीं जब काम करने की आदत ही खत्म हो चुकी है तो फिर बीमार पड़ना तो स्वाभाविक था। मंगलवार को विकास भवन पूरी तरह सुनसान रहा वहीं बुधवार को भी अफसरों की तबीयत काफी नासाज नजर आई। अधिकारी अपने-अपने आवासों पर स्वास्थ्य लाभ का हवाला देते हुए आराम फरमाते रहे।
बुधवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी का दफ्तर भी 12.30 बजे तक सुनसान दिखाई दिया। यही हाल जिला प्रोविजन अधिकारी के कक्ष और जिला कृषि अधिकारी सहित कई अफसरों के केबिन सुनसान दिखाई पड़े। सीएमओ दफ्तर में भी कुछ खास रौनक नहीं दिखी।