कैंट बोर्ड गढ़ी क्षेत्र में घरों-दुकानों के ऊपर लगे मोबाइल टॉवरों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसके लिए जल्द ही नोटिस दिए जाऐंगे। बुधवार को हुई वैरी बोर्ड बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। इसके साथ ही बोर्ड बैठक में सीनियर सिटीजन को घर बैठे ई-छावनी पोर्टल की सर्विस दिए जाने का भी निर्णय लिया गया।
कैंट बोर्ड गढ़ी क्षेत्र में कई घरों और दुकानों के ऊपर बड़ी संख्या में मोबाइल टॉवर लगे हैं। इनको लगाने के लिए न तो कैंट बोर्ड से अनुमति ली गई है और न ही इसका कोई शुल्क कैंट बोर्ड को दिया जा रहा है। प्रेमनगर और गढ़ी डाकरा क्षेत्र में इस प्रकार के टॉवर लगे हुए हैं। बुधवार को हुई कैंट वैरी बोर्ड में इसका प्रस्ताव लाया गया। तय किया गया कि कैंट क्षेत्र में लगे अवैध मोबाइल टॉवरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीईओ तनु जैन ने कहा कि जल्द ही ऐसे भवन और दुकान स्वामियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही अवैध निर्माण के करने वालों को भी नोटिस दिए जाने की प्रस्ताव बैठक में पारित किया गया। इसके अलावा बोर्ड में विभिन्न विभिन्न पर चर्चा की गई और विभिन्न टेक्निकल बिड पास किए गए। बैठक में बोर्ड अध्यक्ष एसएन सिंह, सीईओ तनु जैन, कार्यालय अधीक्षक शैलेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
बुजुर्गों को घर बैठे मिलेगी सेवा
ऐसे बुजुर्ग लोग जो जिन्हें कम्प्यूटर का ज्ञान नहीं है, उन्हें अब कैंट बोर्ड घर बैठे की ई-छावनी पोर्टल की सर्विस उपलब्ध कराएगा। कैंट बोर्ड की ओर से ट्रेड लाइसेंस, सहित पब्लिक से जुड़ी सभी सेवाओं, वाटर कनेक्शन, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित सभी सर्विस को ई-छावनी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर दी गई। जिन बुजुर्ग लोगों को कम्प्यूटर एप्लीकेशन का ज्ञान नहीं हैं, लेकिन वह ऑनलाइन सर्विस का प्रयोग करना चाहते हैं। उन्हें अब कैंट बोर्ड घर बैठे यह सुविधा प्रदान करेगा। इसके लिए कैंट बोर्ड के कर्मचारी लैपटॉप लेकर उनके घरों में जाकर उन्हें इस सुविधा का लाभ देंगे। बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव पास कर दिया गया है।
यह प्रस्ताव हुए पारित
- जेई सिविल के ग्रेड पे में बढ़ोतरी।
- रिपेयर और मेंटिनेंस कार्यों के लिए ई टेंडर को मंजूरी।
- कम्यूनिटी हॉल के लिए एनओसी को मंजूरी।
- वॉर मेमोरियलों के कार्यों को तेजी से पूरा करने को मंजूरी.
- सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए फंड की व्यवस्था के लिए मंत्रालय से की जाएगी अपील।