कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि पतंजलि फूड पार्क के बाहर हुई हिंसा धर्म की यात्रा को धंधे में बदलने का नतीजा है।
रविवार को हरिद्वार में एक कार्यक्रम के दौरान आचार्य ने आरोप लगाया कि बाबा रामदेव का भारत स्वाभिमान संगठन ‘आतंकवादी दल’ है, जिसके गुंडों ने ट्रांसपोर्टर दलजीत को बेरहमी से पीटकर मार डाला।
पत्रकारों से बात करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पतंजलि फूड पार्क की सब्सिडी बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फूड पार्क में जनता के हितों के बजाय हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा रामदेव के भारत स्वाभिमान संगठन में गुंडों को पनाह दी जाती है, जिनकी जांच होनी चाहिए।
स्वाभिमान संगठन नक्सलवाद और माओवाद की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रामभरत के अलावा रामदेव और बालकृष्ण पर भी मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए सरकार से 25 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि यूनियन पर से मुकदमा वापस होना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि बाबा रामदेव के खिलाफ कार्रवाई न होने पर संत सड़कों पर उतरेंगे।
इससे पहले प्रमोद कृष्णम ने ऐथल गांव जाकर मृतक दलजीत सिंह के परिजनों को सांत्वना दी। दलजीत सिंह के गांव ऐथल पहुंचे प्रमोद कृष्णम ने पीड़ित परिवार को कल्कि पीठ की तरफ से एक लाख रुपये की राहत राशि भी दी।
पत्रकार वार्ता में मौजूद अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता बाबा हठयोगी ने भी स्वामी रामदेव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामदेव के फूड पार्क का लाइसेंस रद्द होना चाहिए। प्रेसवार्ता में स्वामी कल्याणदेव भी मौजूद रहे।