देहरादून। रायपुर क्षेत्र स्थित मत्स्य निदेशालय परिसर से बिजली के तार चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में एक युवक प्रदीप चौहान (29) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार भी बरामद हुए हैं। आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि 27 अक्तूबर को शिल्पा त्यागी निवासी तरला नागल, छोटी किरसाली चौक, सहस्त्रधारा रोड ने थाना रायपुर में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि मत्स्य निदेशालय परिसर से अज्ञात व्यक्ति बिजली के तार चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 28 अक्तूबर को महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज के गेट नंबर दो से श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान प्रदीप चौहान (29) निवासी ब्रह्मपुरी, काला ग्राउंड के पास, पटेलनगर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया तार बरामद किया है।