औली घूमने आए गुड़गांव (हरियाणा) के नेशनल ब्रेन रिसर्च सेंटर के छात्रों की कार बदरीनाथ हाईवे पर गौचर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रिसर्च सेंटर के आठ छात्र-छात्राएं दो कारों में औली घूमने आए थे और वापसी में यह हादसा हो गया।
नेशनल ब्रेन रिसर्च सेंटर एनएच-8 गुड़गांव में अध्ययनरत आठ छात्र-छात्राएं (चार छात्र और चार छात्राएं) औली घूमने आए थे। सोमवार 26 जनवरी को शाम छह बजे औली से लौटते हुए दो कारों में सवार इन छात्र-छात्राओं की एक कार मारुति चमोली जिले के गौचर आईटीबीपी परिसर के निकट भक्तरामपुरी में दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी।
घटनास्थल के समीपवर्ती निवासी प्रकाश शैली ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों सहित दूसरी कार में सवार छात्र-छात्राओं की मदद से घायलों को बाहर निकाला।
सड़क दुर्घटना में छात्र वासव अरोड़ा (29, पुत्र जयंत अरोड़ा, 73/हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-7, एक्सटेंशन गुणगांव निवासी) की अस्पताल ले जाते हुए मौत हो गई। कौतुक कंबोज (27, पुत्र आरडी कंबोज), अवंतिका माथुर (25, पुत्री आरपी माथुर) और पुष्पा कुमारी (21, पुत्री हरीश कुमार) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का पीएचसी गौचर में आईटीबीपी और सीएचसी कर्णप्रयाग से आए चिकित्सा कर्मियों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उन्हें 108 वाहन से हायर सेंटर रेफर भेज दिया गया। इसके बाद दूसरी कार में सवार चार छात्र-छात्राएं भी रवाना हुए।
वहीं मृतक वासव के परिजन मंगलवार दोपहर को गौचर पहुंचे, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर ले जाया गया।