आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनूप नौटियाल का कहना है कि आपदा पर प्रदेश सरकार श्वेत पत्र जारी करे।
आपदा पीड़ित क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं किया
यह सबके सामने स्पष्ट किया जाए कि आपदा राहत कोष में कितना पैसा मिला है और इस पैसे को कहां-कहां खर्च किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा पीड़ित क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं किया।
राजपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आप नेता नौटियाल पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले साल इसी वक्त पहाड़ों पर आई जल प्रलय में बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे।
सरकार ने न उस वक्त तेजी दिखाई थी और न ही उसके बाद। उन्होंने बताया कि सरकार के कार्य में पारदर्शिता होनी चाहिए। नेताओं और अधिकारियों ने कोई काम नहीं किया।
आम आदमी की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं
उन्होंने बताया कि आपदा से तबाह हुए क्षेत्रों के पुनरुद्धार के लिए राहत कोष में पैसा मिला था। लेकिन उसका कोई हिसाब-किताब नहीं है। प्रदेश सरकार को आम आदमी की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
सरकार अपने कामों में पारदर्शिता लाए। मुख्यमंत्री, मंत्री और नेता घोषणाएं भर करते रहते हैं लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता रणवीर सिंह, राजेंद्र सिंह नेगी मौजूद रहे।