तपोवन स्थित एक गेस्ट में ठहरे दिल्ली के एक पर्यटक ने शुक्रवार रात संदिग्ध हालत में खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार वह डीने लिमिटेड कंपनी दिल्ली में काम करता था। वह दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था।
मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को अमित शर्मा पुत्र रामअवतार शर्मा निवासी भजनपुरा, नई दिल्ली छह दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने पहुंचा था। सभी दोस्त तपोवन स्थित निगाह गेस्ट में ठहरे थे।
रात करीब साढ़े नौ बजे दोस्त खाना खाने के लिए बाहर जाने लगे, लेकिन अमित ने खाने की इच्छा न होने की बात कह कर रुक गया। इसके बाद दोस्त चले गए, वापस लौटने पर कमरा अंदर से बंद मिला।
दोस्तों ने खिड़की से झांककर देखा तो अमित चादर के सहारे पंखे से लटका था। दोस्तों ने गेस्ट हाउस स्वामी और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अमित को पंखे से नीचे उतारा और मायाकुंड स्थित निर्मल आश्रम अस्पताल लेकर गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुनिकीरेती थाना प्रभारी रवि कुमार सैनी ने बताया कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।