पौड़ी गढ़वाल स्थित राजकीय इंटर कालेज सैंधार के दो शिक्षकों का बर्बर चेहरा सामने आया है। कालेज के छात्रों ने सीडी में एक वीडियो क्लिप उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को भेजा है, जिसमें शिक्षकों को छात्रों की पिटाई करते हुए दिखाया गया है। छात्रों की शिकायत है कि शिक्षक बेवजह उनकी पिटाई करते हैं।
कालेज के प्रधानाध्यापक हरे राम राय और गणित के अध्यापक महावीर सिंह रावत पर पिटाई का आरोप लगा है। सीडी देखने के बाद आयोग ने पौड़ी के जिलाधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने साफ किया है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 17(2) के तहत इन अध्यापकों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
मानसिक उत्पीड़न नहीं किया जाएगा
यह निर्देश जारी किए गए हैं कि 15 दिन के भीतर मामले की जांच कर आयोग को रिपोर्ट भेजी जाए। गौरतलब है कि आरटीई की धारा 17(2) के तहत किसी भी छात्र के साथ शारीरिक या मानसिक उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। जो भी इसका उल्लंघन करता है, उसके खिलाफ सर्विस रूल्स के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, आपदा में अनाथ और बेसहारा हुए बच्चों की शिकायत जेजे बोर्ड सदस्य जगदीश कलौनी की ओर से आयोग के पास आने के बाद आयोग ने डीएम के मार्फत संबंधित सीडब्ल्यूसी की ओर से उठाए गए कदम की जांच की मांग की है।
खबर पर राय देने के लिए यहां क्लिक करें