श्यामपुर। हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग पर शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में पीली पड़ाव गांव निवासी जुल्फिराम और उसकी पत्नी चूड़वा देवी की मौके पर मौत हो गई। जबकि उनकी नौ साल की बेटी मामूली रूप से घायल हुई। चालक इनोवा को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने इनोवा को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार श्यामपुर थाना क्षेत्र के पीली पड़ाव गांव निवासी जुल्फिराम (40) पुत्र चेतराम अपनी पत्नी चूड़वा देवी (36) और नौ साल की बेटी आशा बाइक में सवार होकर दुधलादयाल वाला गांव से लौट रहे थे। बताया जाता है कि रसियाबड़ चौराहे पर हाईवे पार करते समय नजीबाबाद की तरफ से आ रही इनोवा कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क से करीब तीस मीटर दूर जंगल की तरफ जा गिरे। जुल्फिराम और उसकी पत्नी चूड़वा देवी की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी बेटी आशा को मामूली चोट आई। दुर्घटना की सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। थानाध्यक्ष श्यामपुर सुखपाल मान ने बताया कि इनोवा के नंबर के आधार पर मालिक और चालक का पता किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतकों के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अनाथ हो गए तीन बच्चे
मृतक जुल्फीराम के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा विजय (14) हरभजन (12) और आशा (9) साल की है। परिवार में जुल्फी राम के भाई-बहन की शादी हो चुकी है। सभी लोग अलग-अलग रहते हैं। माता-पिता की मौत के बाद तीन बच्चे अनाथ हो गए। जुल्फीराम पिछले ग्राम पंचायत के कार्यकाल में उपप्रधान भी रहे।
जाको राखे साइयां मार सके ना कोई
सड़क दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क से 30 मीटर दूर जा गिरे। इतनी दूर गिरने के बाद जहां माता-पिता की मौके पर मौत हो गई, वहीं आशा को मामूली से चोटें आई। हर कोई इसे ऊपर वाले की कृपा मान रहा है।