जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत सहसपुर ब्लॉक के न्याय पंचायत भुड्डी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें 79 शिकायतें पहुंची जिसमें 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 1467 लोगों को लाभ मिला। इस दौरान एसडीएम विनोद कुमार ने निर्देश दिए कि शिविर में आई शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि जन-जन की सरकार कार्यक्रम के माध्यम से सभी पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और सुगम तरीके से पहुंचाया जा रहा है। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण 15 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए और इसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता व जनप्रतिनिधियों को भी दी जाए। इसके अलावा लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई। शिविर में अल्कापुरी, देवलोक और मिंगवाल कॉलोनी के लोगों ने पेयजल कनेक्शन न दिए जाने की शिकायत रखी। ग्राम प्रधान बुड्ढी ने आधार कार्ड सेंटर खोलने, राजस्व ग्राम का आदेश पारित करने, चकमनसा गांव के लोगों की खतौनी न मिलने की समस्या रखी।