सर्वर डाउन होने से आवेदन से वंचित हुए हजारों अभ्यर्थी
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
आखिरी दो दिन में सर्वर डाउन होने की वजह से हजारों अभ्यर्थी सीटीईटी के आवेदन से वंचित रह गए हैं। पहाड़ के युवाओं ने मांग की है कि बोर्ड कम से कम दो दिन और आवेदन तिथि बढ़ाए।
सीबीएसई ने सीटीईटी के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 27 अगस्त तय की थी। बोर्ड ने इस तिथि तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 30 अगस्त तय की है। आवेदन से उत्तरकाशी सहित कई पर्वतीय जिलों के हजारों अभ्यर्थी वंचित रह गए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि 25 अगस्त से ही सर्वर डाउन था। दिनभर कोशिश के बावजूद आवेदन प्रक्रिया सफल नहीं हो सकी। उत्तरकाशी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ महासचिव सुरेंद्र सिंह देवजानी का कहना है कि उनके तमाम साथी सर्वर की खराबी की वजह से आवेदन नहीं कर पाए हैं। इस बाबत सीबीएसई को सूचना भेजी जाएगी। दून निवासी आदित्य सिंह का कहना है कि अंतिम दो दिनों में सर्वर डाउन होने की वजह से बड़ी संख्या में आवेदन नहीं कर पाए हैं। हरिद्वार निवासी कनिका भी अंतिम समय में आवेदन से वंचित रह गई हैं। इन अभ्यर्थियों की मांग है कि ऑनलाइन आवेदन की तिथि कम से कम दो दिन और बढ़ाई जाए।
नौ दिसंबर को होगी सीटीईटी
सीबीएसई ने सीटीईटी के आवेदन के साथ ही इसकी परीक्षा तिथि भी जारी कर दी है। बोर्ड के मुताबिक परीक्षा नौ दिसंबर 2018 को देशभर में आयोजित होगी। बोर्ड 92 शहरों में 20 भाषाओं में सीटीईटी का आयोजन करेगा। यह परीक्षा प्राइमरी स्तर तक और प्राइमरी के बाद जूनियर हाईस्कूल स्तर पर बतौर शिक्षक पढ़ाने की पात्रता परीक्षा होती है।