ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
राम कृष्ण सांस्कृतिक मंच की ओर से मालवीय चौक मैदान में आयोजित सात दिवसीय कृष्ण लीला का मंगलवार को समापन हो गया। अंतिम दिन रासलीला, मयूर नृत्य, फूलों की होली और बरसाना की लट्ठमार होली का दर्शकों ने खूब लुत्फ उठाया।
वृंदावन से आए व्यासाचार्य नारायण शर्मा और कलाकारों ने लीला के मंचन में दिखाया कि एक दिन राधा की मोर नृत्य देखने की इच्छा होती है। वह अपनी सखियों के संग मोर नृत्य देखने के लिए बरसाना के मोर जंगल में जाती हैं। मोर नृत्य देखकर वे अभिभूत हो जाती हैं। उधर, भगवान श्रीकृष्ण अपने सखाओं के साथ बरसाने में होली खेलने के लिए जाते हैं। कान्हाजी राधा और उनकी सखियों के साथ होली खेलते हैं। श्रीकृष्ण का वेशधारण करने वाले कलाकार ने पांडाल में श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर उनके साथ फूलों और लट्ठमार होली खेली। इससे पूर्व कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही अपने भीतर और बाहर स्वच्छता रखनी चाहिए। विधायक देशराज कर्णवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण कई रूपों में आकर अपने भक्तों की सहायता करते हैं। उनकी लीलाओं से हमें मित्रता, प्रेम और सहयोग की भावना की प्रेरणा मिलती है। अध्यक्षता पूर्व विधायक सुरेश चंद जैन ने की। इस मौके पर सतीश यादव, मनोज धीमान, वीरेंद्र धीमान, मनोज अग्रवाल, विनोद बंसल, भंवर ङ्क्षसह, पहल ङ्क्षसह, विजय यादव, जय कुमार, श्रीकांत चौधरी, काली चरण यादव, नरेंद्र गुप्ता, मांगेराम प्रजापति, संजय कुमार, नीरज गोयल, गौरव गोयल, जगत ङ्क्षसह यादव, मयंक धीमान आदि उपस्थित रहे।