श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कालेज में उपलब्ध संसाधनों का आकलन करने सेना की तकनीकी टीम यहां पहुंच गई है। पहले दिन टीम ने कालेज से संबद्ध बेस अस्पताल के फर्नीचर के आंकड़े जुटाए। सेना की उच्चाधिकारियों की पांच सदस्यीय टीम आज (बृहस्पतिवार) को यहां पहुंचेगी। यह टीम कालेज और अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण करेगी।
यहां बता दें कि प्रदेश सरकार ने मेडिकल कालेज श्रीनगर को सेना को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उच्च स्तर पर कई बैठकें हो चुकी हैं। गत मई में सैन्य मेडिकल अफसरों की टीम भी कालेज का दौरा करके जा चुकी है। हाल में ही देहरादून पहुंचे थल सेनाध्यक्ष विपिन रावत की प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से इस मसले पर वार्ता हुई थी, जिसमें हस्तांतरण पर सैद्धांतिक सहमति बनी थी।
इसी क्रम में अब सेना की इंजीनियरिंग विंग समेत अन्य तकनीकी अधिकारी कालेज का निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार को जोशीमठ से सेना की पांच सदस्यीय टीम बेस अस्पताल पहुंची। टीम ने अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डा. सतीश कुमार समेत अन्य स्टाफ से फर्नीचर के संबंध में जानकारी ली। टीम ने फर्नीचर की स्थिति जानने के लिए फोटोग्राफ्स भी लिए। बृहस्पतिवार को सेना के ब्रिगेडियर आरएस सरकार की अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम श्रीनगर पहुंचेगी। यह टीम कॉलेज/अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण करेगी। यह टीम आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कालेज के लिहाज से यहां उपलब्ध संसाधनों का आकलन करेगी। चिकित्सा शिक्षा निदेशक प्रो. आशुतोष सयाना ने बताया कि सेना की टीम कालेज के भवन, फर्नीचर और अन्य संसाधनों का मूल्यांकन करेगी।