श्रीनगर। आबकारी निरीक्षक ने खिर्सू में शराब के ठेके में तोड़फोड़ करने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में शराब विरोधी आंदोलनकारियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम खिर्सू में शराब के ठेके के विरोध में आंदोलन कर रहे लोगों को समझाने गई थी। विभाग की मौजूदगी में ठेके लिए अस्थायी टीन शेड बनाया जा रहा था, लेकिन उसको आंदोलनकारियों ने उखाड़ दिया। इस पर आबकारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बुधवार को कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने और तोड़फोड़ करने के आरोप में सरिता नेगी, अशोक बिष्ट, थेपा देवी और देवेश्वरी समेत अन्य 25-30 स्थानीय महिलाओं के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इधर, जिला आबकारी अधिकारी प्रभाशंकर मिश्र ने बताया कि बस्ती से दूर खेतों में टीन का खोखा बनाया जा रहा था। इसके बावजूद उसको तोड़ दिया गया। लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि दुकान खोलने के लिए किसी जगह का विरोध है, तो सहमति बनाकर अन्यत्र खोला जा सकता है।