डॉक्टरों का कार्य बहिष्कार समाप्त, ड्यूटी पर लौटे
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सचिव व स्वास्थ्य महानिदेशक के साथ वार्ता के बाद राज्य के जिला अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी में तैनात विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपना कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया। सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण नितेश झा और स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत ने आश्वासन दिया है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की डिग्रियों को मान्यता दिलाने का मामला विधानसभा सत्र में लाया जाएगा। जिसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया।
उल्लेखनीय है कि यूपी के मेडिकल कॉलेज की पीजी डिग्रियोें को उत्तराखंड मेडिकल काउंसिल की ओर से मान्यता नहीं दिए जाने के विरोध में प्रदेश के जिला अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी में तैनात 150 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर दिया था। जिसके चलते अस्पतालों में गंभीर रोगियाें के सामने इलाज का संकट खड़ा हो गया था। मरीजों को हो रही परेशानियाें के मद्देनजर सचिव चिकित्सा नितेश झा ने स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत के साथ बैठक कर तमाम पहलुओं पर चर्चा की। सचिव के साथ वार्ता के बाद स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पंत ने मंगलवार को पीएमएस संघ के पदाधिकारियों और डॉक्टराें को स्वास्थ्य निदेशालय बुलाया। जहां महानिदेशक ने आश्वासन दिया कि इस प्रकरण को विधानसभा में लाया जाएगा और प्रयास होगा कि यूपी के मेडिकल कॉलेजों की डिग्रियोें को मेडिकल काउंसिल में मान्यता दी जाए। इस वार्ता के बाद कार्य बहिष्कार वापसी का निर्णय लिया गया।