ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के दो महीने बाद भी नियुक्ति पत्र न जारी करने से आक्रोशित संविदा परिचालकों ने सोमवार को परेड ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन किया। संविदा परिचालकों ने सरकार, शासन और अफसरों की मंशा पर सवाल उठाते हुए जल्द नियुक्ति पत्र देने की मांग की है। इस मुद्दे पर परिवहन निगम के कर्मचारी संगठनों ने भी संविदा परिचालकाें को समर्थन दिया है।
बता दें, परिवहन निगम में परिचालकों की कमी को देखते हुए संविदा पर परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया गई थी। प्राविधिक शिक्षा परिषद के माध्यम से लिखित परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इस दौरान 724 संविदा परिचालकों के सापेक्ष 367 की भर्ती हुई थी। परीक्षा परिणाम 12 अप्रैल को घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिचालकों को डिपो का भी आवंटन कर दिया गया, लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। नियुक्त नहीं होने पर सोमवार को परेड ग्राउंड में जुटे संविदा परिचालकाें ने सरकार, शासन व विभागीय अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठाए और जल्द नियुक्ति पत्र देने की मांग की। दूसरी ओर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भी संविदा परिचालकों के धरने को समर्थन दिया। परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश गुसांई ने कहा कि मुख्य सचिव को अपने 27 अप्रैल के आदेश को तत्काल निरस्त करना चाहिए और संविदा परिचालकों के नियुक्त किए जाने संबंधी आदेश को तत्काल जारी करना चाहिए। प्रदेश उप महामंत्री विपिन बिजल्वाण ने कहा कि यदि शासन स्तर पर संविदा परिचालक के पद पर नियुक्त किए जाने में किसी तरह का कोई समस्या है तो संविदा परिचालकों को नियमित कार्मिक मानते हुए निगम में नियमित परिचालक के तौर पर नियुक्ति दी जानी चाहिए। इसके अलावा राज्य निगम अधिकारी एवं कर्मचारी महासंघ के महासचिव बीएस रावत ने भी संविदा परिचालकाें को समर्थन दिया है। धरना-प्रदर्शन में कुणाल सिंह, अमर सिंह चौहान, श्याम सिंह नेगी, अर्जुन कुमार, अनुराधा, मोहम्मद जावेद, रमेश, अरुण, नीरज कुमार, अजय सिरोला, अमित जोशी, मनमोहन सिंह गुसांई, सुरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में संविदा परिचालक उपस्थित थे।