ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में शनिवार को सचिवालय क्रिकेट क्लब की प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में मीडिया इलेवन ने सचिवालय वॉरियर्स को 36 रनों से हरा दिया। वहीं, दूसरे मुकाबले में सचिवालय डेंजर्स ने सचिवालय लायंस को आठ विकेट से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन स्पोर्ट्स विजन के चेयरमैन अंकित सिंह रावत ने किया। उद्घाटन मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 133 रन बनाए। टीम के लिए सोबन सिंह गुसांई ने सबसे अधिक 25, ठाकुर सिंह नेगी ने 21, विकास गुसांई ने 19, संजय घिल्डियाल ने 17 और प्रवीण बहुगुणा ने 15 रन बनाए। सचिवालय वॉरियर्स के गोविंद चौहान और पवन असवाल ने एक-एक विकेट चटकाया। जवाब में खेलने उतरी सचिवालय की टीम मीडिया इलेवन की शानदार गेंदबाजी के सामने मात्र 97 रनों पर ढेर हो गई। हितेश ने 14 और अमित ने 12 रन बनाए। मीडिया इलेवन के ठाकुर नेगी, विकास गुसांई और सोबन गुसांई ने दो-दो विकेट चटकाए। 10 बॉल में 21 रन बनाने और दो विकेट चटकाने पर ठाकुर सिंह नेगी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिवालय लायंस की टीम मात्र 84 रनों पर ढेर हो गई। दीपक ने 25, विवेक ने 17 और संदीप ने 10 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच रहे सचिवालय डेंजर्स के राकेश जोशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट चटकाए। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी डेंजर्स की टीम ने 13 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हरीश सैनी ने 22 और अमित तोमर ने 16 रन बनाए। लायंस के प्रमोद आर्य ने दो विकेट चटकाए।