रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। अगस्त्यमुनि ब्लाक के पट्टी बच्छणस्यूं के खेड़ाखाल में एक दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने 47 हजार नकद और 4 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदार ने राजस्व उप निरीक्षक को तहरीर देकर चोरों को पकड़ने की मांग की है।
रविवार सुबह 6 बजे खेड़ाखाल बाजार में निकट के लोगों ने दुकान स्वामी मनवर सिंह रावत पुत्र स्व. नारायण सिंह रावत, निवासी मोल्ठा (नवासू) को फोन कर उनके दुकान के ताले टूटने की सूचना दी। दुकानदार मौके पर पहुंचा तो पाया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और एक बैग सड़क किनारे पड़ा है, जो खाली था। पीड़ित ने दरवाजा खोलकर दुकान के अंदर देखा तो अधिकांश सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने 47 हजार रुपये चोरी उड़ा लिए थे, जिसमें से 37 हजार बैग से और 10 हजार गल्ले से चुराए गए हैं। साथ ही दुकान से करीब 4 हजार की खाद्य सामग्री भी गायब मिली। इसके बाद पटवारी चौकी पहुंचकर पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इधर, राजस्व उप निरीक्षक जय प्रकाश ढ़िगिया ने बताया दुकान का सघन निरीक्षण कर प्रारंभिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है, जिस तरह से चोरी की गई है, उससे लगता है कि चोर पिछले कई दिनों से स्थिति का आकलन कर रहा था।