यमुनोत्री धाम के मुख्य द्वार पछवादून में पहली बार चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र खोलने का पूरा लाभ यात्रियों को मिला। तीन माह में 45624 यात्रियों ने हरबर्टपुर और नया गांव पेलियो स्थित केंद्र में अपना पंजीकरण करवाया। हालांकि जून के अंत में नया गांव पेलियो पंजीकरण केंद्र को बंद कर दिया गया था।
वर्ष 2024 में हरबर्टपुर अंतरराज्यीय बस अड्डे से पहली बार चारधाम यात्रा वाहनों का संचालन शुरू किया गया था। तब बस अड्डे पर यात्री पंजीकरण की व्यवस्था नहीं थी। हरबर्टपुर और कटापत्थर में केवल चेक पोस्ट बनाई गई थी। लेकिन, जब यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी तो यात्री पंजीकरण की मांग उठने लगी।
अप्रैल से नया चारधाम यात्रा सीजन शुरू हुआ। हरबर्टपुर बस अड्डे और नया गांव पेलियो में यात्रियों की सुविधा के लिए चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र खोले गए।
जिला पर्यटन अधिकारी सीमा नौटियाल ने बताया कि हरबर्टपुर बस अड्डा स्थित केंद्र पर अप्रैल से आठ जुलाई के बीच 33520 यात्रियोंं ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करवाया। नया गांव पेलियो में अप्रैल से लेकर जून तक 12104 यात्रियों ने पंजीकरण करवाया था। जून के अंत में नया गांव पेलियो पंजीकरण केंद्र को बंद कर दिया गया।