हावड़ा से नई दिल्ली जा रही पूर्वा एक्सप्रेस के कानपुर के पास रूमा गांव के पास दर्जन भर डिब्बेे पटरी से उतर जाने से देहरादून से इलाहाबाद जाने वाली ट्रेेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना के चलते देहरादून से प्रयागराज को जाने वाली लिंक एक्सप्रेस का संचालन रविवार को ठप रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को प्रयागराज से दून आने वाली लिंक एक्सप्रेस नहीं आएगी।
दूसरी ओर ट्रेन का संचालन अचानक निरस्त किए जाने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। कारण कि लिंक एक्सप्रेस एकमात्र ट्रेन है जो देहरादून से प्रयागराज को जाती है। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में यात्री हरिद्वार, लक्सर, मुरादाबाद, चंदौसी, अलीगढ़, टूंडला, कानपुर, फतेहपुर व प्रयागराज तक का सफर करते हैं।
लिंक एक्सप्रेस के अलावा देहरादून से वाराणसी जाने वाली जनता एक्सप्रेस व उपासना एक्सप्रेस का संचालन पहले से ही ठप है। स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल ने बताया कि लिंक एक्सप्रेस का संचालन सोमवार के बाद होगा या नही? इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।