हरिद्वार।
नगर कोतवाली क्षेत्र के भीमगोडा में अपने रिश्तेदारों के यहां ठहरे एक यात्री की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। यात्री की परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के रोहतक निवासी सतीश पुत्र जय भगवान अपनी रिश्तेदारी में आया था। बृहस्पतिवार रात को अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बात की जानकारी जब सतीश के परिजनों को लगी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने सतीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।