फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: उत्तराखंड में आज आए 34 नए कोरोना पॉजिटिव केस, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 1819

Sun, 14 Jun 2020 09:18 PM IST
अमर उजाला लोकल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

उत्तराखंड में रविवार को 34 और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके बाद अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1819 पहुंच चुका है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने इसकी पुष्टि की है। 

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, रविवार को देहरादून में 14, टिहरी में नौ, हरिद्वार में पांच, उत्तरकाशी में तीन, उधम सिंह नगर, चमोली और नैनीताल में एक-एक कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं।


यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड में दो और कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत, अब तक 25 की जा चुकी जान
विज्ञापन


संक्रमित पाए गए मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री है। अभी तक प्रदेश में 1000 से अधिक मरीज इलाज के बाद घर भेजे जा चुके हैं। जबकि 705 एक्टिव केस हैं।

बालावाला क्वारंटीन सेंटर के नोडल अधिकारी और आयुष डॉक्टर निलंबित 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्देश के बाद आयुष विभाग और आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने बालावाला क्वारंटीन सेंटर के नोडल अधिकारी आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ.नवीन जोशी और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.जसप्रीत के निलंबन आदेश जारी कर दिए है। आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने विभागीय जांच के लिए प्रोफेसर पंकज कुमार शर्मा को जांच अधिकारी नामित किया है। 

अपर सचिव एवं निदेशक आयुष आनंद स्वरूप की ओर से क्वारंटीन सेंटर में नोडल अधिकारी तैनात आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन जोशी को निलंबित करने के आदेश जारी किए है। वहीं, आयुर्वेद विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ.माधवी गोस्वामी ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जसप्रीत के निलंबन आदेश जारी किए हैं। 

बता दें कि 12 जून को बालावाला स्थित क्वारंटीन सेंटर में रेल कर्मी ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सख्त कार्रवाई कर नोडल अधिकारी व डॉक्टर को निलंबित करने के निर्देश दिए थे।

सैंपलिंग में 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी, संक्रमित मामलों में 13 प्रतिशत की कमी

प्रदेश में कोरोना काल के 91 दिन यानी 13 सप्ताह पूरे हो गए हैं। बीते सप्ताह प्रदेश में सैंपलिंग में 27 प्रतिशत की बढ़ोतtरी हुई है, वहीं संक्रमित मामलों में 13 प्रतिशत की कमी आई है। जबकि प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत के आंकड़े बढ़ रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर 13 संक्रमित लोगों ने दम तोड़ा है। प्रदेश में अब तक 24 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं। 

प्रदेश में लॉकडाउन 4 के बाद कोरोना संक्रमितों के मामले तेजी से बढ़े हैं। जिसमें देहरादून, नैनीताल, टिहरी, हरिद्वार में सबसे अधिक संक्रमित मरीज मिले हैं। 12 वें सप्ताह 31 मई से 6 जून की तुलना में 13वें सप्ताह 7 से 13 जून तक प्रदेश में कोविड सैंपलों की जांच में 27 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं संक्रमित मामलों में 13 प्रतिशत की कमी आई है। 

प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या 18 सौ पार करने वाली है। हालांकि इसमें 1077 मरीज ठीक हो चुके हैं। 677 संक्रमित मरीज ही अस्पताल में भर्ती है। प्रदेश की रिकवरी दर लगभग 60 प्रतिशत पहुंच गई है। वहीं, डबलिंग रेट 20 दिन हो गई है। 

कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि कोरोना संक्रमण के लिहाज से 13वां सप्ताह उत्तराखंड के लिए मुफीद रहा है। 12वें सप्ताह की तुलना में रिकवरी दर में 104 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। लेकिन संक्रमित मरीजों की मौत की संख्या बढ़ाना चिंता करने वाला है।

अब रोजाना तीन बार चेक होंगे क्वारंटीन सेंटर 

क्वारंटीन सेंटरों से शिकायतें सामने आने के बाद डीएम ने नई व्यवस्था बनाई है। इसके तहत अब रोजाना तीन बार क्वारंटीन सेंटर चेक होंगे। एक बार हेल्थ चेकअप तथा दो बार व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डीएम डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव के अनुसार कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इससे अब चुनौतियां बढ़ गई हैं। इसे देखते हुए क्वारंटीन सेंटरों की रोजाना तीन बार चेकिंग कराने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत एक बार क्वारंटीन व्यक्ति का हेल्थ चेकअप होगा। दूसरी ओर टीम दो बार व्यवस्थाओं का जायजा लेगी। यह टीमें अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को देंगी। इसके अलावा क्वारंटीन किए गए लोग खुद भी समस्या होने पर वहां चस्पा नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 

किताबें भी करा चुके उपलब्ध 
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव इससे पहले सभी क्वारंटीन सेंटरों पर महिला-पुरुषों के साथ ही किशोरों के लिए भी मनोरंजन एवं ज्ञानवर्धन से संबंधित किताबें उपलब्ध करा चुके हैं। जिलाधिकारी खुद भी रैंडम फोन कर क्वारंटीन लोगों का हालचाल ले रहे हैं। 

क्वारंटीन सेंटर को लेकर कुछ जगहों से शिकायतें मिली थीं, जिसे देखते हुए व्यवस्था में बदलाव किया गया है। टीम को निर्देशित किया है कि वह रोजाना क्वारंटीन सेंटरों का तीन का निरीक्षण करे। साथ ही वहां जो भी दिक्कतें हैं, उसका तत्काल समाधान भी किया जाए।
-डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी
विज्ञापन

कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही डेरे में छिप गई महिला

हरिद्वार में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना मिलने के बाद रोशनाबाद की महिला अपना घर छोड़कर सामने एक डेरे में छिप गई थी। महिला अपने साथ अपने तीन साल के बेटे को भी ले गई। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को गलत जानकारी दी थी कि वह देहरादून गई है। आधी रात सूचना मिलने पर विभाग की टीम और पुलिस ने महिला को पकड़कर मेला अस्पताल में भर्ती कराया। 

शनिवार की रात को करीब दस बजे रोशनाबाद क्षेत्र की शिवालिक गंगा कॉलोनी निवासी महिला की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। महिला 11 जून को दिल्ली से आई थी और नारसन बार्डर पर सैंपल लेते हुए होम क्वारंटीन कराया गया था। रिपोर्ट आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसकी सूचना पहले फोन पर दी और फिर उसे अस्पताल में भर्ती करने के लिए कॉलोनी में पहुंच गई। तब महिला के पति ने विभाग की टीम को बताया कि वह देहरादून में किसी समारोह में शामिल होने के लिए गई है। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। 

सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने पूरे प्रकरण से एसएसपी को अवगत कराते हुए मदद मांगी। सिडकुल थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा पुलिस बल के साथ महिला के घर पर पहुंचे। पूछताछ में उसके पति ने देहरादून जाने के बारे में सटीक जानकारी नहीं दे सका। रात करीब 12 बजे पुलिस को किसी ने बताया कि महिला नवोदय नगर के सामने एक डेरे में छिपी हुई है। इसके बाद पुलिस और विभाग की टीम वहां पहुंची। थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि महिला डर के मारे छिप गई थी। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि महिला के सभी परिजनों के सैंपल लिए गए हैं। कॉलोनी को सील कर दिया गया है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें