कोतवाली डालनवाला में फ्लैट बेचने के नाम पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली डालनवाला पुलिस के मुताबिक आशा कोठारी पत्नी भगवती प्रसाद कोठारी निवासी जौलीग्रांट ने तहरीर दी है। बताया कि उनका एक फ्लैट राजपुर रोड पर है। उनके फ्लैट के साथ ही रीता सिंह पत्नी कुनाल सिंह निवासी नोएडा का भी फ्लैट है। आशा कोठारी ने बताया कि दोनों ने उनसे संपर्क कर बताया कि वह अपना फ्लैट 55 लाख रुपये में बेचना चाहते हैं। सौदा तय होने के बाद उन्होंने एडवांस के रूप में 15 लाख रुपये दे दिए। उन्होंने विक्रय अनुबंध कुछ माह के बाद देने का वायदा किया। इसके बाद आरोपियों ने छह लाख रुपये और लिए, लेकिन बाद में विक्रय पत्र नहीं दिया। दोनों ने उनका फोन उठाना भी बंद कर दिया। अब दोनों का कुछ पता नहीं है और उनके फोन भी बंद हैं। पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।