सामाजिक कार्यों में योगदान दे एसोसिएशन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। यूको बैंक ऑफिसर्स उत्तराखंड यूनिट का त्रिवार्षिक सम्मेलन शनिवार को सहारनपुर रोड स्थित एक होटल में हुआ। जिसमें वक्ताओं ने बैंक और संगठन के बारे में विचार व्यक्त किए। साथ ही सामाजिक कार्यों में भी योगदान देने की बात कही। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, जिसे लोगों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि यूको बैंक के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक डी रॉय वर्धन के साथ ही संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एलए डिसूजा, उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीएन श्रीवास्तव ने संगठन के कार्यों के बारे में जानकारी दी। धाद संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष हर्षमणि व्यास और राष्ट्रीय महामंत्री तन्मय ममगाई ने केदारघाटी आपदा में एसोसिएशन के कार्यों की तारीफ की। इस मौके पर उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष सीएस भट्ट, महामंत्री वीके बहुगुणा आदि मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान तीन वर्षों के लिए सीएस भट्ट चेयरमैन, वीके बहुगुणा अध्यक्ष, विशाल सचदेव महामंत्री चुने गए, जबकि विकास कुमार उपाध्यक्ष, पुष्पेंद्र मोहन उपमहामंत्री व सीमा भंडारी को कोषाध्यक्ष चुना गया।