अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। जिलाधिकारी ने शनिवार को शहर में संचालित पांच बाल एवं महिला देखभाल केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रोबेशन और सीडब्लूसी को सौंपी गई है।
शनिवार को जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने टीम के साथ बद्रीपुर जोगीवाला में अपना घर बाल एवं महिला आश्रम, टर्नर रोड स्थित मैकम मिनिस्ट्री गर्ल्स होम, वसंत विहार स्थित आसरा केयर सेंटर, सिंहनीवाला सेलाकुई स्थित होप केयर सेंटर और सुभाषनगर आमवाला स्थित सत्य साईं आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों और महिलाओं के रहन-सहन सहित अन्य व्यवस्थाओं को जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बद्रीपुर जोगीवाला ‘अपना-घर’ आश्रम में अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा गार्ड व आगंतुकों के बैठने के लिए व्यवस्था के निर्देश दिए। डीएम ने केंद्र में लगे सीसीटीवी की लगातार मॉनीटिरिंग करने, बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा व देखरेख में महिलाकर्मी 24 घंटे के लिए तैनात रखने, मैन्यु के अनुसार पौष्टिक भोजन देने, किचन, शौचालय, परिसर आदि व्यवस्था बनाए रखने के भी आदेश दिए।
डीएम ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह को जिला प्रोबेशन अधिकारी से समन्वय करते हुए केन्द्रों पर उपस्थित बच्चों व महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल नियमित करने को कहा। उन्होंने जिला शिक्षाधिकारी को भी बच्चों की शिक्षा और उपयोगी सामग्री की उपलब्धता के निर्देश दिए।
टीम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अब्दुल कय्यूम, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक हेमलता भट्ट, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति), महिला पुलिस उप निरीक्षक एवं संबंधित सदस्य शामिल रहे।