ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
रेंजर्स मैदान में दून क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज दून टाइगर्स और सांईग्रेस की टीमों के बीच खेला जाएगा। शनिवार को हुए सेमीफाइनल में दून टाइगर्स ने देहरा कंबाइंड को 69 और सांईग्रेस क्रिकेट एकेडमी (एससीए) ने दून क्रिकेट क्लब (डीसीसी) को 33 रनों से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
शनिवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में दून टाईगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 208 रन बनाए। मुमताज ने 53 गेंदों में 85, रोहित ने 36, फैजल ने 28 व रोहित कुमार ने 25 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी देहरा कंबाइंड की पूरी टीम 19.5 ओवर में 139 रनों पर ढेर हो गई। जितेंद्र ने सबसे अधिक 41, रोहित ने 25, अजुर्न ने 19 रन बनाए। दून टाईगर्स के ओमसिंह, हरजीत सैनी, मुमताज कादिर, गिरीश रतूड़ी ने दो-दो विकेट चटकाए।
दूसरे मुकाबले में एससीए की पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 157 रनों पर ऑल आउट हो गई। ओपनर शिवम में 31 गेंदों में 52, विनय ने 37, अक्षय ने 17 रन बनाए। डीसीसी के विपिन कश्यप व संजय ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी डीसीसी की टीम 18.1 ओवर में 124 रनों पर ढेर हो गई। दिनेश ने 41, रिषु ने 17 व पंकज ने 16 रन बनाए। एससीए के अखिलेश व नितेश ने तीन-तीन विकेट लिए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, त्रिलोक सिंह सजवाण, महेश जोशी, संजय शर्मा, विमल उनियाल समेत अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।