दाखिला न लेने वाले 96 छात्रों के 61.20 लाख रुपये जब्त
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
एमबीबीएस में दाखिला न लेने वाले 96 छात्रों की 61.20 लाख रुपये सिक्योरिटी फीस जब्त कर ली गई है। एचएनबी मेडिकल विवि ने इसकी सूचना वेबसाइट पर जारी की है। बता दें यह सिक्योरिटी फीस पहली बार ली गई थी। वहीं प्रदेश में एमबीबीएस की 96 सीटें खाली रह गई हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए अब मॉपअप राउंड होगा।
एचएनबी मेडिकल विवि के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल के अनुसार नियम के हिसाब से दूसरे चरण के दाखिले खत्म होने के बाद 96 छात्र ऐसे पाए गए हैं, जिन्होंने एडमिशन नहीं लिया। इसलिए इनकी सिक्योरिटी फीस जब्त की गई है। इनमें 58 छात्रों ने एक-एक लाख रुपये, 26 छात्रों से दस-दस हजार रुपये और 12 छात्रों से पांच-पांच हजार रुपये फीस जब्त की गई है। मैनेजमेंट कोटा सीट के लिए एक लाख, सरकारी सीट के लिए 10 हजार और आरक्षित वर्ग के लिए पांच हजार रुपये सिक्योरिटी फीस ली गई थी। दूसरे चरण में, एमबीबीएस व बीडीएस की 327 सीटों के लिए आवंटन हुआ था। 18 अगस्त तक सभी आवंटित सीटों पर दाखिल लेना था। खास बात यह है कि अब अगर यह छात्र दाखिला लेना चाहेंगे तो उन्हें मॉपअप राउंड में मौका मिल सकता है, लेकिन इसके लिए उन्हें दोबारा सिक्योरिटी फीस जमा करानी होगी।
किस कॉलेज में कितनी सीटें खाली
राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी : 01
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज : 04
हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट : 21 (5 स्टेट कोटा, 16 मैनेजमेंट कोटा)
एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज : 29 (6 स्टेट कोटा, 23 मैनेजमेंट कोटा)
सीमा डेंटल कॉलेज : 15 (9 स्टेट कोटा, 6 मैनेजमेंट कोटा)
उत्तरांचल डेंटल कॉलेज : 26(10 स्टेट कोटा, 16 मैनेजमेंट कोटा)
मॉपअप राउंड के लिए पंजीकरण आज से
दूसरे चरण के दाखिलों के बाद बची हुई एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के लिए अब एचएनबी मेडिकल विवि की ओर से मॉपअप राउंड कराया जाएगा। विवि के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में मॉपअप राउंड होगा। इसके लिए सोमवार और मंगलवार को पंजीकरण होंगे। 22 अगस्त को सीटों का आवंटन किया जाएगा।